उत्तराखंड

उत्तराखंड बोर्ड में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सूबे के मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित

उत्तराखंड बोर्ड में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सूबे के मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित

रिपोर्टर गौरव गुप्ता, देहरादून। यहां आयोजित पं दीनदयाल उपाध्याय राज्य शैक्षिक उत्कृष्ट पुरस्कार वितरण समारोह 2024 के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने इंटरमीडिएट और हाई स्कूल की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चिल्ड्रंस एकेडमी हल्दूचौड़ की छात्रा और लालकुआं प्रेस क्लब के अध्यक्ष बीसी भट्ट की पुत्री आयुषी भट्ट समेत राज्य भर के टॉप 10 छात्र छात्राओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने पं. दीन दयाल उपाध्याय राज्य शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार के तहत उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा संचालित वर्ष 2023 और 2024 हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले तीन-तीन स्कूलों, हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। साथ ही प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में सी.एस.आर. के सहयोग से स्थापित 442 स्मार्ट क्लास रूम का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन राज्य की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण दिन है। शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन, समर्पण के बल पर उत्कृष्ट परिणाम हासिल किए हैं। यह पुरस्कार विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को आगे भी इसी मनोयोग से प्रयास करने के लिए प्रेरित करेंगे और अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक होंगे।उन्होंने कहा सीएसआर के अंतर्गत बनी 442 स्मार्ट क्लास के शुरू होने से सरकारी विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था में अधिक गुणवत्ता आएगी। राज्य सरकार राज्य के 840 विद्यालयों में हाईब्रिड मोड में वर्चुअल एवं स्मार्ट क्लास की स्थापना पर भी कार्य कर रही है। कक्षा 1 से 12 तक के बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें एवं कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तको के साथ ही जूते और बैग भी प्रदान किए जा रहे हैं।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि इस वर्ष उत्तराखंड बोर्ड का रिजल्ट 30 अप्रैल को घोषित कर दिया था। जिससे बच्चों को उच्च शिक्षा हेतु अच्छे संस्थानों में जाने का मौका मिलता है। आगामी शिक्षण सत्र के लिए रिजल्ट 20 अप्रैल तक घोषित हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य में अध्यापकों के ट्रांसफर में पारदर्शिता आई है। ट्रांसफर में काउंसलिंग व्यवस्था की शुरुआत की गई है। अब तक 5000 अध्यापकों के ट्रांसफर हो चुके हैं।

एससीईआरटी और डायट को और अधिक सृदृढ़ बनाया जा रहा है। आगामी वर्ष से टीचरों के ट्रांसफर भी ऑनलाइन व्यवस्था से होने लगेंगे।शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिन विद्यालयों में 70 प्रतिशत से कम अध्यापक होंगे वहां नए अध्यापकों के जाने तक अध्यापक रिलीव नहीं होंगे। राज्य सरकार छात्रों को किताबें, कपड़े, बैग, जूते मुफ़्त में देने का कार्य कर रही है। छात्रों को छात्रवृत्ति और निःशुल्क नोटबुक भी उपलब्ध कराई जा रही है।विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार के लिए राज्य सरकार द्वारा निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू होने से शिक्षा के क्षेत्र में अनेक क्रान्तिकारी परिवर्तन हो रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और शिक्षा मंत्री के नेतृत्व में शिक्षा के उन्नयन के लिए तेजी से कार्य हो रहे हैं। कार्यक्रम में महानिदेशक शिक्षा बंशीधर तिवारी ने भी उत्तराखंड के शैक्षिक स्तर को उच्च स्तरीय बताते हुए भविष्य में उत्तराखंड के होनहारो को देश और विदेश में और सर्वोच्च स्थान मिलने की संभावनाओं को बल दिया।

फोटो परिचय -इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली आयुषी भट्ट को सम्मानित करते प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!