प्रबुद्धजनों के सम्मान से बढ़ता है समाजसेवा का हौसला: डॉ. मोहन सिंह बिष्ट

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआं। हल्दूचौड़ गुम्टी स्थित एससी मेमोरियल स्कूल में विधायक डॉ मोहन सिंह सिंह बिष्ट के जन्मदिवस की पूर्व संध्याग्राम पर ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट के आयोजन में प्रबुद्ध व्यक्तियों एवं समाजसेवियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर सक्रिय रहने वाले तीन दर्जन से अधिक प्रबुद्ध एवं बुजुर्ग समाजसेवियों को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन बिष्ट ने कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को समय-समय पर सम्मानित किया जाना बेहद जरूरी है। ऐसे सम्मान से समाजसेवियों का उत्साह बढ़ता है और वे पहले से अधिक ऊर्जा एवं तत्परता के साथ सामाजिक कार्यों में जुटते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने में प्रबुद्धजनों, बुजुर्गों और समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है तथा उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलती है।
डॉ. बिष्ट ने क्षेत्र में लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोगों को सम्मानित करने की पहल के लिए ग्राम प्रधान राधा कैलाश भट्ट की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने के साथ-साथ सेवाभाव को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर विधायक डॉ मोहन सिंह बिष्ट ने क्षेत्र वासियों को क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से भी अवगत कराया। और यह भी बताया की लंबे समय से लम्बित पड़े कार्यो को किस तरीके से वह आगे बढ़ा रहे हैं।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में योगदान दे रहे बुजुर्गों एवं प्रबुद्ध नागरिकों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले लोगों ने आयोजन के लिए ग्राम प्रधान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में आपसी सहयोग, सम्मान और सेवा की भावना को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन के दौरान सम्मानित किए गए समाजसेवियों के प्रति उपस्थित लोगों ने भी सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।



