गांधी-शास्त्री जयंती पर स्कूल में दिखा उत्साह, महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का आह्वान

पुलिस मॉडर्न स्कूल में धूमधाम से मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती, बच्चों को दिया सत्य व सादगी का संदेश
रिपोर्टर नाजिम अली
बरेली, पुलिस लाइन स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें दोनों महापुरुषों के आदर्शों और राष्ट्र सेवा में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. किरन देवी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण, तिलक एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी दोनों विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान डॉ. किरन देवी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य व अहिंसा और लाल बहादुर शास्त्री के सादगी व कर्तव्यनिष्ठा के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सभी को इन महापुरुषों के सिद्धांतों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा



