हाईप्रोफाइल मामला: नरेश पांडे यौन शोषण मामले में हिरासत में…

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
नैनीताल – जिले में कथित यौन शोषण के हाईप्रोफाइल मामले में पुलिस ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष और समाजसेवी नरेश पांडे को हिरासत में ले लिया। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद भवाली क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, नरेश पांडे के खिलाफ मल्लीताल कोतवाली में एफआईआर दर्ज है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पांडे ने शादी का झांसा देकर महिला का धोखाधड़ी से यौन शोषण किया। एफआईआर में लगाए गए गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस ने नरेश पांडे के साथ उसके चार बंदूकधारी बाउंसरों को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि सभी बाउंसर काले कपड़ों में थे और पांडे के साथ मौजूद थे। फिलहाल पुलिस सभी से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं। मामले की संवेदनशीलता और आरोपी की सामाजिक व व्यावसायिक पहचान को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
नरेश पांडे खुद को लंबे समय से व्यापारी नेता और समाजसेवी के रूप में जनता के सामने पेश करते रहे हैं। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



