
रिपोर्टर : गौरव गुप्ता
चंपावत: एसओजी और चल्थी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो ग्राम प्रधान और एक पूर्व प्रधान सहित 5 चरस तस्कर गिरफ्तार; करीब 1 किलो चरस बरामद
चंपावत : ‘नशा मुक्त उत्तराखंड‘ अभियान के तहत चंपावत पुलिस को नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चंपावत के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एसओजी (SOG) और चल्थी चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो मौजूदा ग्राम प्रधान और एक पूर्व ग्राम प्रधान सहित पांच अभियुक्तों को 992 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार को भी सीज कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 की रात्रि को एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में एसओजी और चल्थी चौकी पुलिस की टीम चौकी चल्थी गेट पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रात करीब 1:00 बजे पुलिस ने एक अर्टिगा कार (UK06 BS 2063) को चेकिंग के लिए रोका। कार में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे।
पुलिस टीम द्वारा जब वाहन की तलाशी ली गई, तो कार की डिग्गी में रखे एक थैले से 992 ग्राम (शुद्ध वजन) अवैध चरस बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन और लगभग 35 हजार रुपये की नकदी भी बरामद की है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वाहन चालक नारायण नाथ ने अपने एक रिश्तेदार के माध्यम से यह चरस 60 हजार रुपये में जितेंद्र सिंह राणा और उसके अन्य साथियों को दिलवाई थी। मामले में एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट की ओर से कोतवाली चंपावत में सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
नारायण नाथ (वाहन चालक) पुत्र जमुना नाथ, निवासी ग्राम कचलाकोट, थाना मुक्तेश्वर, जिला नैनीताल।
जितेंद्र सिंह राणा (ग्राम प्रधान, बमनपुरी) पुत्र मोहन सिंह, निवासी बमनपुरी, थाना सितारगंज, जिला उधम सिंह नगर।
कालीचरण राणा (ग्राम प्रधान, धूसरी) पुत्र किशोरी सिंह, निवासी धूसरी, थाना नानकमत्ता, जिला उधम सिंह नगर।
मोहन जोशी (पूर्व ग्राम प्रधान, एचताविहि) पुत्र अंबादत्त जोशी, निवासी ग्राम चल्थिया, थाना पाटी, जिला चंपावत (हाल निवासी- एचताविहि, थाना नानकमत्ता, उधम सिंह नगर)।
पान सिंह राणा (वाहन स्वामी) पुत्र दान सिंह, निवासी बमनपुरी, सितारगंज, जिला उधम सिंह नगर।
बरामदगी का विवरण:
992 ग्राम अवैध चरस
अर्टिगा कार (संख्या: UK06 BS 2063)
05 मोबाइल फोन
लगभग 35,000 रुपये नकद
पुलिस टीम में शामिल रहे:
इस कार्रवाई में एसओजी से प्रभारी एसआई कमलेश भट्ट, हेड कांस्टेबल मो. नासिर, तपेंद्र जोशी, महेंद्र डंगवाल, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, ललित चौधरी व सूरज कुमार तथा चौकी चल्थी से कांस्टेबल कुलदीप कुमार, सुंदर सिंह और आनंद नेगी शामिल रहे।



