उत्तराखंड

लालकुआं हाईवे पर फिर हादसा, 4 दिन में 4 मौतें; अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को रौंदा

रिपोर्ट गौरव गुप्ता।

लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत वीआईपी गेट के पास रेलवे पुल के नीचे एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। चिंताजनक बात यह है कि बीते चार दिनों के भीतर इस हाईवे पर यह चौथा हादसा है, जिसमें चार लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेरीपड़ाव निवासी 30 वर्षीय आनंद पवार रविवार को अपनी स्कूटी पर सवार होकर पंतनगर में आयोजित किसान मेला देखने जा रहा था। जैसे ही वह वीआईपी गेट के पास रेलवे पुल के नीचे हाईवे पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और आनंद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

 

हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची लालकुआं कोतवाली पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से लहूलुहान युवक को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

लालकुआं कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए हाईवे व आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हल्द्वानी-लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। महज चार दिनों के भीतर हुए चार हादसों में चार लोगों की जान जाने से हाईवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासियों ने वीआईपी गेट रेलवे पुल के पास पुलिस गश्त बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!