सरस्वती शिशु मंदिर में धूमधाम से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती, विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता व राष्ट्रसेवा का संकल्प

सरस्वती शिशु मंदिर में धूमधाम से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती, विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता व राष्ट्रसेवा का संकल्प
(सतेन्द्र प्रताप सिंह)
बरेली। सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडे द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया।
इसके उपरांत आचार्यों एवं छात्र-छात्राओं ने दोनों विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजीव कुमार पांडे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को एक नई दिशा दी। उनके विचार आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक और प्रेरणादायी हैं। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का अद्वितीय उदाहरण पेश किया। उनका अमर नारा “जय जवान, जय किसान” देश के अन्नदाताओं और वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता है।
समारोह के दौरान आचार्यों व छात्र-छात्राओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रेरक विचार रखे। विद्यार्थियों ने “रघुपति राघव राजा राम” की सुमधुर धुन के साथ देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
जयंती के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता, सत्य, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन पारंपरिक शांति पाठ के साथ हुआ। इस दौरान विद्यालय के समस्त आचार्य, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



