उत्तर प्रदेश

बरेली सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर का भव्य शुभारंभ, 66 यूनिट रक्तदान

बरेली सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर का भव्य शुभारंभ, 66 यूनिट रक्तदान

जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा; अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित कर जाना हाल

बरेली से रिपोर्टर, सतेन्द्र प्रताप सिंह

बरेली, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर जनपद बरेली में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत गुरुवार को 300 बेडेड रीजनल हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए रक्तदान किया।

रक्तदान शिविर के दौरान लोगों में रक्तदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। शिविर में कुल 66 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने स्वयं रक्तदान करते हुए लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया।

शिविर में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, सांसद छत्रपाल सिंह, विधायक डीसी वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी बरेली डॉ. बिसराम सिंह, एडी हेल्थ बरेली डॉ. सीमा अग्रवाल, ज्वाइंट डायरेक्टर तेजपाल सिंह, एडी एसआईसी डॉ. आर.सी. दीक्षित, सीएमएस महिला डॉ. त्रिभुवन सिंह, डीआईओ डॉ. प्रसाद रंजन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।

इसके अलावा डिप्टी सीएमओ डॉ. अमित, डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी, डिप्टी सीएमओ डॉ. पवन कपाई, डिप्टी सीएमओ डॉ. सुजिता गंगवार, डिप्टी सीएमओ डॉ. अजमेर सिंह, एसीएमओ डॉ. राकेश कुमार, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमित दिनकर, डॉ. नैन सिंह, उपनगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश चौधरी, डॉ. अकलेश्वर सिंह सहित जनपद के विभिन्न चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बिसराम सिंह के नेतृत्व एवं सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में अधिकारियों और चिकित्सकों ने स्वयं रक्तदान किया। इस दौरान रक्तदान के महत्व पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव के दौरान जटिलता तथा विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों में मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे समय में उपलब्ध रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है।

उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक व्यक्ति की मदद नहीं करता, बल्कि जरूरत के समय किसी परिवार के लिए बड़ी राहत का माध्यम बन सकता है। इसी उद्देश्य से लोगों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

एक माह तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जनपद मुख्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनसेवा, मरीजों की सहायता, स्वास्थ्य जागरूकता तथा जरूरतमंदों तक विभिन्न सेवाएं पहुंचाने से संबंधित कार्यक्रमों को भी गति दी जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को मजबूत करना और समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहायता एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का लाभ पहुंचाना है। विभागीय स्तर पर अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई है।

जिला पुरुष और महिला अस्पताल में मरीजों को बांटे फल

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिला पुरुष अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बिसराम सिंह के साथ जिलाधिकारी, अविनाश सिंह, एडी एसआईसी, पुरुष एवं महिला अस्पताल के सीएमएस तथा डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए।

अधिकारियों ने वार्डों में पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और उनसे अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों से उपचार, दवाइयों और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने मरीजों एवं उनके तीमारदारों से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संवाद किया और सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

जनसेवा के लिए लिया संकल्प

सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जनसेवा की भावना के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

रक्तदान शिविर में 66 यूनिट रक्तदान और अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान की शुरुआत की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी अभियान के तहत जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मौजूद अधिकारियों और चिकित्सकों ने कहा कि जनसेवा केवल किसी एक दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जरूरतमंदों की सहायता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना लगातार बनी रहनी चाहिए। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!