लालकुआं में दो नाबालिगों के आरोप से मचा हड़कंप, युवक हिरासत में; पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

लालकुआं, कोतवाली क्षेत्र में दो नाबालिग किशोरियों द्वारा एक युवक पर पैसे का प्रलोभन देकर जबरन जंगल की ओर ले जाने और दुष्कर्म की नीयत से ले जाने का आरोप लगाए जाने के बाद क्षेत्र में हंगामा खड़ा हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर की रहने वाली दो नाबालिग किशोरियों ने वार्ड नंबर-1 निवासी दूसरे समुदाय के एक युवक पर आरोप लगाया कि उसने उन्हें पैसे देने का लालच देकर जंगल की ओर चलने के लिए कहा। किशोरियों का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो युवक कथित तौर पर उन्हें जबरन जंगल की ओर ले जाने लगा। दोनों किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं और घटना की जानकारी परिजनों व स्थानीय लोगों को दी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और विरोध जताया। इसी दौरान हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता सुभाष नागर के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
https://www.instagram.com/houte_couture_collection?igsh=MWFvZ3RncXF4czAxeQ==
इसके बाद बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। देर शाम तक कोतवाली परिसर में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा।
पुलिस दोनों नाबालिग किशोरियों से महिला पुलिसकर्मियों के माध्यम से पूछताछ कर रही है, जबकि आरोपी युवक से भी घटना के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िताओं के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का पक्ष: पुलिस के अनुसार मामला जांच के अधीन है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




