लाखों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, खुलासे में पूर्व की चोरियां भी शामिल, बहेड़ी का शातिर चोर गिरफ्तार

बिन्दूखत्ता में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, खुलासे में पूर्व की चोरियां भी शामिल, बहेड़ी का शातिर चोर गिरफ्तार।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता।लालकुआँ
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 35 लाख रुपये कीमत के लगभग 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी ने वर्ष 2025 और 2026 में हुई तीन सनसनीखेज चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
यह सफलता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में लालकुआं पुलिस को मिली। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 19 मई 2026 को बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने थाना लालकुआं में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर सोने के हार, मंगलसूत्र, नथ, अंगूठी और झुमकों समेत कई कीमती आभूषण चोरी कर ले गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को वर्ष 2025 में हुई दो अन्य चोरी की घटनाओं से भी समानता मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।
23 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक युवक बिन्दुखत्ता क्षेत्र में चोरी के जेवर बेचने पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम भानु प्रताप बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से टूटे हुए सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस उस समय हैरान रह गई जब आरोपी के पास मौजूद पंखेनुमा हीटर की निचली प्लेट खोलने पर उसमें छिपाकर रखे गए कई सोने के जेवर भी बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने लालकुआं और बिन्दुखत्ता क्षेत्र के बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु प्रताप पुत्र रोशन लाल निवासी मुड़िया नवी बक्श, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी ने बताया कि वह दिन में बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही ताला तोड़कर घर में घुस जाता था। चोरी के बाद कुछ जेवर बेचकर पैसे खर्च कर चुका था, जबकि बाकी जेवर बेचने की तैयारी में था।
पुलिस ने बरामद आभूषणों की पहचान संबंधित शिकायतकर्ताओं से कराई, जिसके बाद आरोपी को तीनों मामलों में विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
इधर पुलिस टीम में मुख्य रूप से कोतवाल ब्रजमोहन राणा, बिन्दुखत्ता चौकी इंचार्ज गौरव जोशी, हेड कांस्टेबल इसरार नवी, कमल बिष्ट, दयाल नाथ, आनन्दपुरी, उमेश गिरी, मनीष नौटियाल, दिलीप कुमार, विरेंद्र रौतेला सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद थे। इधर पुलिस की बड़ी सफलता पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।



