उत्तराखंड

छात्र आंदोलन के समर्थन में दिल्ली जाने से पहले विपक्षी नेता हाउस अरेस्ट, सरकार पर लोकतंत्र दबाने का आरोप

सहारनपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कई नेताओं को पुलिस ने उनके घरों पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया। विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

कांग्रेस और सपा नेताओं का कहना है कि वे छात्र-छात्राओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों और दिल्ली में हुए प्रदर्शन के समर्थन में दिल्ली जाने वाले थे, लेकिन जिला प्रशासन ने उन्हें रात में ही घरों में नजरबंद कर दिया। नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों और विपक्षी नेताओं के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई निंदनीय है और यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

विपक्षी नेताओं ने कहा कि उनकी लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगी और छात्रों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की।

हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रजीत सिंह निक्कू, कांग्रेस प्रदेश सचिव अशोक सैनी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संदीप राणा, समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव रूही अंजुम, महानगर प्रभारी टिंकू अरोड़ा, पूर्व राज्य मंत्री मांगेराम कश्यप और पूर्व जिलाध्यक्ष मुजाहिद रतन मुखिया सहित अन्य नेता शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button