उत्तराखंड

बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम आंदोलन को दुग्ध संघ का समर्थन, 19 जून को सुंदरकांड और विशाल भंडारा

बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम की मांग को लेकर दुग्ध संघ ने दिया सहयोग का भरोसा, 19 जून को होगा सुंदरकांड व विशाल भंडारा

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड कार्यालय में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में दुग्ध उत्पादकों एवं वनाधिकार संगठन पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर चल रहे प्रयासों और आगामी कार्यक्रम की जानकारी दी गई। इस दौरान दुग्ध संघ के अधिकारियों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया।
वन अधिकार संगठन अध्यक्ष उमेश भट्ट ने बताया कि वनाधिकार अधिनियम 2006 के अंतर्गत जिलास्तरीय वनाधिकार समिति द्वारा 19 जून 2024 को बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम के दावे को स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस ऐतिहासिक निर्णय के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 19 जून 2026 (शुक्रवार) को सायं 4 बजे हाटकालिका मंदिर, तिवारी नगर में सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाना क्षेत्र का प्रमुख मुद्दा है। उन्होंने कहा कि जिले से लगभग 1 लाख 40 हजार लीटर दूध दुग्ध संघ को आवंटित होता है, जिसमें बिंदुखत्ता क्षेत्र की 55 दुग्ध समितियों से करीब 25 हजार लीटर दूध प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 10 लाख रुपये का दूध क्रय किया जाता है। बिंदुखत्ता क्षेत्र का दुग्ध विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसकी नींव वर्ष 1948 से जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार द्वारा बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा प्रदान किया जाता है तो आंचल दुग्ध संघ दुग्ध उत्पादकों एवं पशुपालकों को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में प्रयास करेगा।

वन अधिकार संगठन अध्यक्ष उमेश भट्ट ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग वर्षों पुरानी है। उन्होंने कहा कि दावे की स्वीकृति के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक क्षेत्रवासी शामिल हों। उन्होंने “संघर्ष हमारा, अधिकार हमारा, वन हमारा, जीवन हमारा” के संकल्प के साथ आंदोलन जारी रखने की बात कही।

इस अवसर पर दुग्ध संघ सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वन अधिकार समिति अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, कोषाध्यक्ष चंचल सिंह कोरंगा, सचिव बलवंत सिंह बिष्ट, सदस्य बलवंत सम्भल, भूपेश जोशी, बलवीर सिंह बिष्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Oplus_16908288

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!