उत्तराखंड

अमृत भारत स्टेशन योजना: बहेड़ी और लालकुआं रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण

पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल

पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बहेड़ी एवं लालकुआं स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का किया निरीक्षण।

रिपोर्टर गौरव गुप्ता 
बरेली,  पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने आज मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गतिशक्ति संदीप खंडेलवाल तथा अन्य शाखा अधिकारियों की उपस्थिति में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, इज्जतनगर के सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्था तथा ट्रेनों के समयपालन की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक के उपरांत महाप्रबंधक ने इज्जतनगर–लालकुआं रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ओवरहेड विद्युत उपकरणों (ओ.एच.ई.), पॉइंट एवं क्रॉसिंग, समपार फाटकों तथा प्रमुख पुलों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को रेल परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव एवं संरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात बहेड़ी रेलवे स्टेशन पहुंचकर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कराए जा रहे पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, दिव्यांगजन के अनुकूल शौचालय तथा आधुनिक शौचालय ब्लॉक का अवलोकन कर यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय स्थित पैनल रूम का निरीक्षण किया तथा वहां उपस्थित कर्मचारियों से संरक्षा संबंधी प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान एवं सतर्कता को परखा। बुकिंग कार्यालय में रेल कर्मचारियों से संवाद कर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करते हुए स्टेशन पुनर्विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक ने लालकुआं रेलवे स्टेशन पहुंच कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म तथा 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफ.ओ.बी.) का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

महाप्रबंधक ने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय स्थित पैनल रूम का भी निरीक्षण किया तथा उपस्थित कर्मचारियों से संरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त कर उनकी कार्यकुशलता एवं सजगता का आकलन किया।
महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सभी विकास एवं पुनर्विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेल संचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है ।

उन्होंने रेल परिसंपत्तियों के नियमित एवं समुचित रखरखाव, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार, स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा स्टेशन परिसरों को सुव्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!