आयुष संघ में करोड़ों की वसूली पर घमासान: सीएम समाधान पोर्टल तक पहुंची शिकायत, 10 साल का हिसाब गायब

आयुष संघ में करोड़ों की वसूली पर सवाल, सीएम समाधान पोर्टल तक पहुंची शिकायत” संघ भवन के नाम पर 2.5 करोड़ जुटाने का आरोप; 10 साल से नहीं दिया गया हिसाब, निष्पक्ष जांच की मांग।
रिपोर्टर, गौरव गुप्ता
लालकुआँ देहरादून राजकीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखंड में वित्तीय अनियमितताओं का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। संघ के सदस्य डॉ. कपिल शर्मा द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद यह मामला मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल तक पहुंच गया है, जहां औपचारिक शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप है कि वर्ष 2015 से 2025 तक संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कृष्ण सिंह नपच्याल एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा संघ के खाते में जमा धनराशि का कोई पारदर्शी लेखा-जोखा सदस्यों को नहीं दिया गया। इस दौरान न तो कोई आंतरिक ऑडिट कराया गया और न ही उसकी रिपोर्ट अधिवेशन में प्रस्तुत की गई।
डॉ. शर्मा ने वर्ष 2021-22 में संघ भवन निर्माण के नाम पर प्रत्येक सदस्य से 50 हजार रुपये की वसूली का मुद्दा भी उठाया है। उनके अनुसार, यह राशि कई जगह स्वेच्छा तो कई स्थानों पर दबाव में एकत्र की गई। विभिन्न जिलों से जुटाई गई यह रकम करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिसे तत्कालीन अध्यक्ष को सौंपा गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि बार-बार जानकारी मांगने के बावजूद धनराशि के उपयोग को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया, बल्कि सवाल उठाने पर दबाव बनाए जाने की भी बात सामने आई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसे मुख्यमंत्री समाधान पोर्टल पर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। साथ ही यह भी मांग उठाई गई है कि जांच प्रक्रिया के दौरान संबंधित अधिकारी को पद से अलग रखा जाए, ताकि किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े।
फिलहाल आयुष विभाग की ओर से इस पूरे प्रकरण पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन शिकायत के सीएम पोर्टल तक पहुंचने के बाद मामले में जांच की संभावनाएं तेज हो गई हैं।



