Uncategorized

सागौन तस्करी का भंडाफोड़, 21 लट्ठों से भरी पिकअप जब्त

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

लालकुआं तराई पूर्वी वन प्रभाग की डोली रेंज में बेशकीमती सागौन तस्करी का मामला सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक एसओजी टीम ने 21 सागौन के लट्ठों से भरी एक पिकअप (UK06CB2214) को जब्त किया है, जबकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार एसओजी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीलियापुर-डोली रेंज क्षेत्र से अवैध रूप से सागौन की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है। इस पर टीम ने ढोरा डाम रोड, सूर्य नगर-5 के पास घेराबंदी की। वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से किच्छा की ओर भाग निकला। पीछा करने पर चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान वाहन से 21 सागौन के लट्ठे बरामद किए गए। बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए गौला रेंज भेजा गया है।

प्रारंभिक जांच में इस पूरे प्रकरण में मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। एसओजी ने फरार चालक की तलाश तेज कर दी है और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

डोली रेंज में पूर्व में भी कई बार वन तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाएं रेंज की निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।

इस संबंध में जब संबंधित वन अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन रिसीव नहीं किया गया, जिससे उनका पक्ष नहीं मिल सका।

बरामद पिकअप को गौला रेंज परिसर में खड़ा कर दिया गया है, जबकि इतनी बड़ी मात्रा में पकड़ी गई सागौन की लकड़ी को लेकर वन महकमे की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, जिससे पूरे मामले पर सवाल और गहरा गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button