उत्तराखंड

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से आहत युवक ने उठाया आत्मघाती कदम, परिजनों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग

रिपोर्टर गौरव गुप्ता 

लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से आहत युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। युवक ने सल्फास खाकर जान दे दी। इस घटना के बाद परिजनों ने वीडियो बनाने और वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

मृतक की पहचान रावत नगर, बिन्दुखत्ता निवासी 30 वर्षीय दीपक सिंह मेहता के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले दीपक को रास्ते में रोककर कच्ची शराब के शक में जांच की गई थी। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

दीपक के भाई परवीन सिंह मेहता का आरोप है कि इस वीडियो के वायरल होने के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में चला गया था। उन्होंने कहा कि अगर कोई संदेह था तो वीडियो पुलिस को सौंपना चाहिए था, लेकिन उसे सोशल मीडिया पर फैलाकर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया गया।

परिजनों के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद दीपक लोगों से मिलने-जुलने से बचने लगा था और लगातार मानसिक दबाव में रह रहा था।

शनिवार को दीपक घर से करीब 3 किलोमीटर दूर शीशम भुजिया स्थित एक प्राथमिक विद्यालय परिसर पहुंचा, जहां उसने सल्फास खा लिया। जहर खाने के बाद उसने खुद ही फोन कर परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

दीपक अपने परिवार में सबसे बड़ा था और अपने पीछे दो बेटियां और तीन माह का एक बेटा छोड़ गया है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

परवीन सिंह मेहता ने प्रशासन से मांग की है कि वीडियो में दिख रहे सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और यह भी जांच की जाए कि वीडियो सबसे पहले किसने वायरल किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद संबंधित वीडियो सोशल मीडिया से हटा दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button