पराली परिवहन के समर्थन में एकजुट हुए लालकुआं के लोग, किसानों-पशुपालकों के लिए सभासदों ने सौंपा NOC

पराली परिवहन पर लालकुआँ में मिसाल” किसानों और पशुपालकों के समर्थन में एक साथ आए वार्ड 3 और 4 के निवासी, सभासद भी उतरे मैदान में।
लालकुआँ नगर पंचायत में कृषि और पशुपालन से जुड़े ग्रामीणों की समस्याओं को हल करने के लिए स्थानीय जन प्रतिनिधियों और निवासियों ने एक सरहानीय मिसाल पेश की है। यहाँ वार्ड नम्बर 3 और वार्ड 4 के मध्य से जंगल की ओर जाने वाले मार्ग पर किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों द्वारा पराली (पुआल) के आवागमन को लेकर वार्डवासियों और स्थानीय सभासदों ने एक सुर में अपनी सहमति जताते हुए कोतवाली प्रभारी को अनापत्ति प्रमाण पत्र सौंपा है।
स्थानीय नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस मार्ग का उपयोग क्षेत्र के किसान लंबे समय से अपनी कृषि संबंधी जरूरतों के लिए करते आ रहे हैं। खेतों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से लाई जाने वाली पराली का सीधा उपयोग गुर्जर समुदाय के पशुपालक अपनी भैंसों व अन्य मवेशियों के चारे के रूप में करते हैं। ऐसे में इस मार्ग पर आवाजाही बाधित होने से किसानों के साथ-साथ पशुपालकों के सामने भी बड़ा संकट खड़ा हो जाता है।
वही मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड नम्बर 3 के सभासद योगेश उपाध्याय और वार्ड नम्बर 4 की सभासद शबनम ने समस्त वार्डवासियों के साथ बैठक कर यह अनापत्ति पत्र जारी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पराली की ट्रॉलियों के आने-जाने पर क्षेत्र के किसी भी निवासी को कोई आपत्ति नहीं है।
उन्होंने कोतवाली पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि किसानों और पशुपालकों की दैनिक आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए नियमों के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही जारी रहने दी जाए तथा इस कार्य में कोई अनावश्यक रुकावट न डाली जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर किसी प्रकार रूकावट होती है तो समस्त नगरवासी आन्दोलन को बाध्य होगें जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।



