मोटी रकम की साजिश बेनकाब: महंगे मोबाइल की मांग से पत्रकारिता पर उठे सवाल

मोटी रकम की साजिश बेनकाब” महंगा मोबाइल मांगने के आरोपों से पत्रकारिता की साख पर बट्टा, स्टोन क्रेशर पर लगाए गए आरोप निराधार।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता
लालकुआं स्थित दी हल्द्वानी स्टोन क्रेशर को लेकर पर्यावरण संरक्षण के मानकों को अनदेखी कों लेकर फैल रही खबरों के बीच अब मामला नया मोड़ लेता दिख रहा है। स्थानीय लोगों और क्रेशर संचालकों ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें सुनियोजित साजिश करार दिया है। उनका कहना है कि उद्योग को बदनाम कर मोटी रकम वसूलने का प्रयास किया जा रहा है।
उद्योग से जुड़े लोगों के अनुसार, खनन निदेशक राजपाल लेघा के सख्त निर्देशों के बाद क्षेत्र में अवैध खनन पर पूर्ण विराम लग चुका है और सभी क्रेशर संचालक सरकार की नियमावली का पूरी पारदर्शिता से पालन कर रहे हैं। प्रदूषण नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव और सुरक्षा के लिए बाउंड्री जैसी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।
सबसे गंभीर आरोप यह सामने आया है कि एक कथित पत्रकार द्वारा खुलेआम महंगा मोबाइल फोन और सुविधा शुल्क की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर झूठी और भ्रामक खबरें चलाकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। इस तरह की हरकतें न केवल उद्योग को नुकसान पहुंचा रही हैं, बल्कि पत्रकारिता जैसे जिम्मेदार पेशे की साख पर भी बट्टा लगा रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टोन क्रेशर से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिल रहा है, जिससे कई परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में निराधार आरोपों के जरिए माहौल खराब करना क्षेत्र के हित में नहीं है।
लोगों और क्रेशर प्रबंधन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।



