उत्तराखंड

नैनीताल में भव्यता से मना गंगा उत्सव-2026, चित्रशिला घाट पर गूंजे गंगा आरती के मंत्र, 251 दीपों से जगमगाया घाट; 200 लोगों ने चलाया स्वच्छता अभियान

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

नैनीताल में धूमधाम से मनाया गया ‘गंगा उत्सव-2026’: चित्रशिला घाट पर हुई भव्य गंगा आरती और 251 दीपों का दीपदान” रानीबाग के ऐतिहासिक चित्रशिला घाट पर सेना, अर्धसैनिक बलों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों ने चलाया स्वच्छता अभियान”लगभग 200 प्रतिभागियों ने किया श्रमदान, 100 किलोग्राम कूड़ा किया गया एकत्र।

हल्द्वानी गंगा नदी को राष्ट्रीय नदी घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में जनपद नैनीताल में मंगलवार को ‘गंगा उत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। जिला गंगा समिति, नैनीताल के अध्यक्ष/जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और प्रभागीय वनाधिकारी (सदस्य संयोजक) व जिला परियोजना अधिकारी के समन्वय से जनपदभर में जन-जागरूकता, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।

इस कड़ी में काठगोदाम के रानीबाग स्थित ऐतिहासिक चित्रशिला घाट पर जिला गंगा समिति, गो क्लीन गो ग्रीन संस्था (हल्द्वानी), भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ एक विशाल जन-जागरूकता रैली के साथ हुआ। रैली में सेना के जवानों, सीआरपीएफ कर्मियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने ‘नदी बचाओ-जीवन बचाओ’ और ‘स्वच्छ नदी-स्वस्थ जीवन’ जैसे नारों के माध्यम से आमजन को नदियों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया और यह संदेश दिया कि जल स्रोतों की सुरक्षा सिर्फ सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

रैली के उपरांत चित्रशिला घाट और नदी तट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। अभियान के दौरान घाट परिसर से प्लास्टिक, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को चुनकर लगभग 100 किलोग्राम कूड़ा एकत्र किया गया। नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहन के माध्यम से इस कचरे को उचित निस्तारण हेतु भेजा गया।

गंगा स्वच्छता की ली गई शपथ

स्वच्छता अभियान के बाद उपस्थित सभी नागरिकों और जवानों ने गंगा स्वच्छता शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे नदियों व जलस्रोतों में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा या रासायनिक अपशिष्ट नहीं डालेंगे और पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाली गतिविधियों से दूर रहकर समाज को भी जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में चित्रशिला घाट पर अलौकिक गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा घाट श्रद्धा और भक्तिमय माहौल से सराबोर दिखा, जिसमें महिलाओं ने विशेष रूप से सहभागिता की। इसके पश्चात 251 दीपों के साथ भव्य दीपदान किया गया, जिसने घाट की छटा को अत्यंत मनोरम और आध्यात्मिक बना दिया।

विभिन्न विद्यालयों में भी गूंजा जल संरक्षण का संदेश गंगा उत्सव के अवसर पर जनपद के प्रमुख विद्यालयों—पी.एम.श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (हल्द्वानी), सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल (हल्द्वानी), के.वी.एम. पब्लिक स्कूल (हल्द्वानी) और इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल (काठगोदाम) में भी विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

विद्यालयों में गंगा स्वच्छता शपथ के साथ-साथ पोस्टर, ड्राइंग और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपनी कला के माध्यम से नदियों को प्रदूषणमुक्त रखने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और जल संरक्षण का संदेश दिया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में कम उम्र से ही पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना है।

“गंगा की स्वच्छता और अविरलता सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा संकल्प है।” कार्यक्रम के अंत में सभी ने नदी संरक्षण को एक जनआंदोलन का रूप देने का दृढ़ संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!