लालकुआं विधानसभा बनी नशे की मंडी”भाजपा के पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का ने अवैध नशे के कारोबार पर जताई गहरी नाराजगी

लालकुआं विधानसभा बनी नशे की मंडी”भाजपा के पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का ने अवैध नशे के कारोबार पर जताई गहरी नाराजगी, कड़ी कार्रवाई की मांग।
रिपोर्टर गौरव गुप्ता
लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार को लेकर पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर चिंता जताते हुए कहा कि आज लालकुआं विधानसभा नशे की मंडी बन चुकी है, जहां कच्ची शराब, चरस, स्मैक और पात्ते जैसे नशीले पदार्थों के सेवन से युवा पीढ़ी तेजी से बर्बाद हो रही है।
पूर्व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने पंजाब का हवाला देते हुए चेताया कि जिस प्रकार अन्न का कटोरा और सीमांत क्षेत्र कहे जाने वाले पंजाब की स्थिति नशे के कारण चिंताजनक हो गई है, कमोबेश हमारा क्षेत्र भी उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज चुनावों में भी मुख्य मुद्दा ‘नशा समाप्त करने’ का बन रहा है, इसलिए समय रहते लालकुआं में इस स्थिति को रोकना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के केवल सामाजिक दावों को नाकाफी बताते हुए कहा कि केवल सामाजिक जागरूकता से अपराधी प्रवृत्ति के लोग नहीं रुकते। इसके लिए प्रशासन को अपनी शक्ति का परिचय देते हुए राजनीतिक दबावों से मुक्त होकर सख्त नियंत्रण स्थापित करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा देश से नशा समाप्त करने के लिए जो कड़ा संकल्प लिया गया है, उसे धरातल पर उतारना होगा। यदि सरकार, जनप्रतिनिधि, उनके कार्यकर्ता और पुलिस-प्रशासन मिलकर संयुक्त रूप से काम करेंगे, तो निश्चित रूप से इस अवैध कारोबार पर गहरी चोट पड़ेगी और तस्करों को पीछे हटना पड़ेगा।
उन्होंने अंत में समाज के सभी वर्गों और पुलिस-प्रशासन से अपील की है कि “यदि हम अपने बच्चों और आने वाली पीढ़ी को बचाएंगे, तभी समाज सुरक्षित बचेगा। इस दिशा में सभी को आगे आकर ठोस कदम उठाने होंगे।





