उत्तराखंड

बिक रही है गली-गली में बेखौफ जहर की बोतल, खामोश क्यों है सिस्टम और क्यों रो रहा है लालकुआँ का कल” पढ़िए क्यों उपज रहा है लालकुआं विधानसभा में भारी जनाक्रोश

बिक रही है गली-गली में बेखौफ जहर की बोतल, खामोश क्यों है सिस्टम और क्यों रो रहा है लालकुआँ का कल” पढ़िए क्यों उपज रहा है लालकुआं विधानसभा में भारी जनाक्रोश।

रिपोर्टर गौरव गुप्ता। लालकुआँ

लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र में अवैध शराब का फैलता जाल अब जनआक्रोश का कारण बन गया है। क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों और कांग्रेस पार्टी ने इस गंभीर समस्या के खिलाफ एकजुट होकर प्रशासन को चेतावनी दी है। क्षेत्रीय जन समस्या निवारण संघर्ष समिति के संयोजक पियूष जोशी के नेतृत्व में दर्जनों युवाओं और कांग्रेस नेताओं ने कोतवाल बृजमोहन राणा को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ, जिलाधिकारी नैनीताल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को भी भेजी गई है, जिससे यह साफ है कि मामला अब स्थानीय नहीं बल्कि प्रशासनिक स्तर पर गंभीर रूप ले चुका है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लालकुआँ के ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी गली-मोहल्लों तक अवैध शराब खुलेआम बेची जा रही है। उनका कहना है कि इस अवैध कारोबार को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रहा है और समाज का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मोहल्लों में आसानी से उपलब्ध शराब ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। नशे के कारण घरों में कलह बढ़ रही है, आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है और अपराधों में भी इजाफा हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें नशे के दलदल में धकेला जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकियों और नाकों की मौजूदगी के बावजूद शराब माफिया बेखौफ होकर गांव-गांव तक शराब पहुंचा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर अवैध शराब के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

वहीं, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने कहा कि पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब ऐसे कारोबारियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गुंडा एक्ट और जिला बदर जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लालकुआँ में अवैध शराब का बढ़ता जाल अब केवल कानून व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ी के अस्तित्व का सवाल बन चुका है। अब सबकी निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि कब इस जहर के कारोबार पर निर्णायक प्रहार होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button