दीपावली की रोशनी में चार चांद लगाएंगे गोबर से बने दिये
महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाये जा रहे बेहद खूबसूरत ओर आकर्षक दिये

डोईवाला- (आशीष यादव) डोईवाला के अठुर वाला में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा गाय के गोबर से दिए बनाये जा रहे हैं। जिनको लोग खूब पसंद कर रहे हैं, ओर इनकी मांग भी बाजारों में अच्छी खासी देखने को मिल रही है। महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा यह दिए गाय के गोबर के साथ मुल्तानी मिट्टी मिलाकर बनाए जा रहे हैं। बनने के बाद इन पर रंग करके इन्हें बेहद खूबसूरत बनाया जा रहा है। समहू की महिलाओं ने इन पर हाथों की कलाकारी कर फूल पत्तियों से सजाया है।
इन दियों की खास बात यह है कि इनका उपयोग करने के बाद इन दियों को जैविक खाद के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। यह दिए बनाकर जहां महिलाएं स्वरोजगार का बढ़ावा दे रही है, तो वहीं उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है। साथ ही लोग बहुत कम दाम में इन दियों की खरीदारी कर दीपावली की रोशनी में चार चांद लगाने का का काम करेंगे। दिए तैयार कर रहे महिला समूह के अध्यक्ष ने बताया कि यह जो दिए हैं हम गाय के गोबर से तैयार कर रहे हैं।
गोबर हमें यही पास में पूजा डेरी फार्म से उपलब्ध हो जाता है इससे हम गायों का संरक्षण भी कर सकते हैं साथ ही यह जो दिए हैं इन्हें उपयोग के बाद यह मिट्टी को उपजाऊ बनाने का कार्य भी करेंगे वही समूह से जुड़ी भी महिलाएं भी इस कार्य को करके बहुत खुश हैं उनका कहना है कि हमें समूह के माध्यम से एक रोजगार का अवसर मिला है।