कोश्यारी के बयान पर भड़के बिन्दुखत्ता के ग्रामीण, भाजपा सरकार को चुनाव में सबक सिखाने की चेतावनी

रिपोर्टर गौरव गुप्ता
बिन्दुखत्ता को वनाधिकार अधिनियम के तहत राजस्व गाँव बनाने की माँग को लेकर वनाधिकार संगठन बिन्दुखत्ता द्वारा तहसील परिसर में जारी धरना-प्रदर्शन में कल पूर्व राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी के उस वक्तव्य को निंदनीय बताया गया जिसमें उन्होंने कहा था कि बिन्दुखत्ता को राजस्व गाँव बनाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट से रुकावट है।
कोश्यारी की बात से आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि यह झूठ मुद्दे को भटकाने के लिए फैलाने की साज़िश और राज्य सरकार को बचाने का कुत्सित प्रयास है। इसके लिए बिन्दुखत्ता की जनता भाजपा सरकार को माफ नहीं करेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में उसे सबक सिखाएगी।
तहसील परिसर में क्रमिक धरना-प्रदर्शन के आज उनपचासवें दिन उपस्थित ग्रामीणों का कहना था कि सरकार की नीयत साफ नहीं होने से ही वांछित परिणाम आने में विलंब हो रहा है। इसका एक दुखद पहलू यह है कि ये राजनीतिक दल बिन्दुखत्तावासियों के बीच फूट डालने की भरसक कोशिश की जा रही है। जनता को ऐसे विघटनकारी कुचक्र से सावधान रहने की जरूरत है।
वक्ताओं ने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व गाँव बनाने के लिए सारी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करके पत्रावली जून 2024 से राज्य शासन स्तर पर धूल खा रही है लेकिन अज्ञात कारणों से मामले में राज्य सरकार कोई सकारात्मक कदम नहीं उठा रही है। जो व्यापक जन-समुदाय की घनघोर उपेक्षा है।
सभी लोगों का कहना था कि सत्ताधारी पार्टी अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए तरह-तरह की अफ़वाहें फैलाते हुए बिन्दुखत्तावासियों के बीच फूट डालने की भरसक कोशिश कर रही है। जबकि वनाधिकार अधिनियम और इसके तहत राजस्व गाँव बनाने की पत्रावली में कोई भी कमी नहीं है।
कहा कि सरकार के इस उपेक्षात्मक रवैए से बिन्दुखत्तावासियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जिसका खामियाजा सत्ता पक्ष को भुगतना पड़ेगा।
इस अवसर पर वनाधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट, संरक्षक और वयोवृद्ध सामाजिक कार्यकर्ता व पत्रकार श्याम सिंह रावत, वनाधिकार समिति अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष खिलाफ सिंह दानू, अध्यक्ष संघर्ष समिति केप्टेन (सेवानिवृत्त) इंद्रसिंह पनेरी, केप्टेन (सेवानिवृत्त) प्रताप सिंह बिष्ट, भरत नेगी, दीपक जोशी, नवीन जोशी, ममता बिष्ट आदि दर्जनों लोग मौजूद थे।



