नशा मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए बिंदु इशिका सिंघानिया और नरेंद्र पाल को हिंदू जागरण मंच ने किया सम्मानित

बरेली ब्यूरो: सतेन्द्र प्रताप सिंह कुशवाहा
बरेली। समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान (ट्रस्ट रजि.) भारत की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया एवं राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल को हिंदू जागरण मंच (ब्रज-प्रांत) द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान दोनों पदाधिकारियों को उनके सामाजिक सरोकारों, जनसेवा और नशे के विरुद्ध किए जा रहे सराहनीय प्रयासों के लिए प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। नशे की लत के कारण आज युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, संस्कार, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की मांग है। इस अभियान में महिलाओं और माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए।
राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने अपने संबोधन में बताया कि उनके द्वारा ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ कार्यक्रम चलाकर युवाओं में पनप रही नशे की आदतों को छुड़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक स्थिति को कमजोर कर देता है और यह अपराध, घरेलू हिंसा, बेरोजगारी तथा पारिवारिक विघटन का मुख्य कारण बनता है।
उन्होंने समाज से अपील की कि नशा करने वाले व्यक्ति से घृणा करने के बजाय उसे इस लत से बाहर निकालने में सहयोग करें और जरूरत पड़ने पर उचित उपचार व परामर्श उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्थान का उद्देश्य केवल सम्मान प्राप्त करना नहीं, बल्कि रक्तदान, नशा मुक्ति, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
कार्यक्रम के दौरान दोनों सम्मानित पदाधिकारियों ने हिंदू जागरण मंच (ब्रज-प्रांत) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाजसेवा के कार्यों को और अधिक ऊर्जा के साथ करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने संयुक्त रूप से संकल्प लिया कि संस्थान देशभर में नशा मुक्ति अभियान को और गति देगा तथा “नशा छोड़ें, जीवन से नाता जोड़ें” के मूलमंत्र के साथ नशामुक्त युवा, स्वस्थ परिवार और सशक्त भारत का निर्माण करेगा।
इस सम्मान समारोह में राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु इशिका सिंघानिया, राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकेश मेहंदीरत्ता, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दामोदर सिंह और हिंदू जागरण मंच (ब्रज-प्रांत) से दुर्गेश गुप्ता सहित दोनों संगठनों के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।



