गोबर डालने गई युवती और परिजनों पर लाठी-डंडों से हमला, मां गंभीर रूप से घायल; आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी

बरेली रिपोर्टर ईश्वरी प्रसाद
सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम रूपपुर में घर का गोबर डालने गई एक युवती और उसके परिवार के साथ दबंगों द्वारा मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रूपपुर (थाना सीबीगंज) निवासी लक्ष्मी पुत्री वीरपाल सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि घटना 23 अक्टूबर की है। जब वह अपने घर का गोबर डालने गई थी, तभी गांव के ही सूरजमुखी (पत्नी सूरजपाल), मोहनी (पत्नी सुनील), सचिन व अजय (पुत्रगण सूरजपाल), हीरकली (पत्नी सचिन) और नेहा (पत्नी प्रदीप) ने उसका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने गाली देने का विरोध किया, तो उपरोक्त सभी लोगों ने मिलकर उस पर, उसकी मां किरन और बहन संगीता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में पीड़िता की मां को काफी चोटें आई हैं। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
पीड़िता लक्ष्मी ने सीबीगंज थानाध्यक्ष को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।



