उत्तर प्रदेश

बरेली में तीन तलाक का सनसनीखेज मामला: भाइयों व बहन के उकसावे पर पति ने दिया तलाक, गला दबाकर हत्या की कोशिश; 112 ने बचाई जान

सतेन्द्र प्रताप सिंह, बरेली

बरेली। थाना किला क्षेत्र के स्वाले नगर में तीन तलाक, दहेज उत्पीड़न और जानलेवा हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ससुरालियों के दबाव में आकर पति ने 13 साल के निकाह को तोड़ते हुए दो बच्चों की मां को तीन तलाक दे दिया। विरोध करने पर पीड़िता का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया और कमरे में बंधक बना लिया गया। पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर किसी तरह अपनी जान बचाई। अब पीड़ित पिता ने एसएसपी से गुहार लगाकर बेटी को मुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मूल रूप से वेलकम सीलमपुर (उत्तर पूर्वी दिल्ली) तथा वर्तमान में स्वाले नगर निवासी अमीर हुसैन ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रुखसार का निकाह करीब 13 वर्ष पूर्व इरफान पुत्र इशाक के साथ किया था। दांपत्य जीवन में उनके दो बच्चे हैं।

दूसरी शादी के लिए बनाया जा रहा था दबाव

आरोप है कि रुखसार के देवर रिजवान, राजा और ननद आसमा लगातार इरफान पर दूसरी शादी करने का दबाव बना रहे थे। जब रुखसार इसका विरोध करती, तो उसके साथ मारपीट की जाती थी।

‘इसको छोड़, दूसरी अच्छी शादी कराएंगे’

आरोप के मुताबिक, 7 अक्टूबर को ससुरालियों की प्रताड़ना हद से पार हो गई। देवर रिजवान, राजा और ननद आसमा ने इरफान को उकसाते हुए कहा कि ‘तू इसे तीन तलाक दे दे, हम तेरी दूसरी जगह अच्छी शादी करा देंगे।’ इसके बाद इरफान ने रुखसार को तीन तलाक दे दिया। जब रुखसार ने इसका विरोध किया, तो सभी ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा। देवर रिजवान ने उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।

कमरे में किया बंद, बोली—’नौकरानी बनकर रहेगी’

बच्चों का वास्ता देकर जान की भीख मांगने पर आरोपियों ने धमकी दी कि अब वह घर में सिर्फ नौकरानी बनकर रहेगी और मुंह खोलने पर जान से मार दी जाएगी। इसके बाद आरोपी उसे कमरे में बंद कर फरार हो गए।

डायल 112 बनी मददगार, पिता को भी मिली धमकी

पीड़िता ने किसी तरह छिपकर 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे कमरे से बाहर निकाला। घटना की जानकारी पाकर जब पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे, तो पति और दोनों देवरों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।

पीड़ित पिता ने आशंका जताई है कि ससुराल वाले बेहद शातिर और दबंग हैं, जो कभी भी रुखसार की हत्या कर सकते हैं। पिता ने एसएसपी बरेली से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और बेटी को ससुरालियों के चंगुल से मुक्त कराने की गुहार लगाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!