लालकुआं में भाजपा की नई टीम: 2027 चुनाव की तैयारी शुरू

लालकुआं में भाजपा की नई टीम: 2027 चुनाव की तैयारी शुरू
लालकुआं। रिपोर्टर गौरव गुप्ता
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण मंडलों—हल्दूचौड़, बिंदुखत्ता और लालकुआं—में नए मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठन को युवा नेतृत्व की ओर अग्रसर किया है। सूत्रों के अनुसार, इन नियुक्तियों में क्षेत्रीय विधायक के साथ-साथ एक अन्य बड़े दावेदार का भी सम्मान रखा गया है, जिससे 2027 के लिए भाजपा की रणनीति के संकेत मिल रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दावेदारों के बीच शक्ति प्रदर्शन की प्रक्रिया अब शुरू हो चुकी है। नए मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद भाजपा के दिग्गज नेता और संभावित उम्मीदवार अब अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश करेंगे।
नए मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति
हल्दूचौड़ मंडल: भाजपा ने रोहित दुम्का को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे क्षेत्र के युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
बिंदुखत्ता मंडल: युवा दिलों की धड़कन माने जाने वाले नवीन पपोला की नियुक्ति पूर्व से ही संभावित मानी जा रही थी, जो अब सटीक साबित हुई।
लालकुआं मंडल: सबसे चर्चित सीट मानी जा रही लालकुआं मंडल अध्यक्ष पद पर अरुण जोशी को नियुक्त किया गया है, जो पूर्व में मंडल महामंत्री रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति से कई दिग्गज नेताओं और दावेदारों की रणनीति प्रभावित हो सकती है।
राजनीतिक हलचल और आगे की राह
विशेष रूप से लालकुआं मंडल अध्यक्ष पद के लिए जबरदस्त रस्साकशी चल रही थी। लगातार समीकरण बदल रहे थे, और कई दिग्गज इस पद के लिए दावेदारी कर रहे थे। लेकिन अरुण जोशी की नियुक्ति के साथ ही तमाम अटकलों पर विराम लग गया।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा के ये नए मंडल अध्यक्ष अपनी संगठनात्मक पकड़ कितनी मजबूत करते हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति को कितना सुदृढ़ कर पाते हैं।