उत्तराखंड

लालकुआँ: पानी की टंकी में निकले पांच जहरीले सांप, वन विभाग ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

रिपोर्टर गौरव गुप्ता। लालकुआँ (हल्दूचौड़)

लालकुआँ के हल्दूचौड़ क्षेत्र स्थित परमा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण ने अपने घर की अंडरग्राउंड पानी की टंकी का ढक्कन खोला तो उसमें एक साथ पांच जहरीले सांप दिखाई दिए। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।

हल्दूचौड़ के परमा गांव निवासी मथुरा दत्त शनिवार को अपने घर की अंडरग्राउंड पानी की टंकी की सफाई करने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने टंकी का ढक्कन खोला, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। टंकी के पानी में एक बड़ा जहरीला सांप और उसके चार बच्चे तैरते हुए दिखाई दिए।

घटना की जानकारी मिलते ही मथुरा दत्त ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाते हुए सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सांपों को उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक क्षेत्र में इस घटना को लेकर चर्चा होती रही। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते टंकी की सफाई नहीं की जाती तो यह किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था, क्योंकि इसी टंकी के पानी का उपयोग घर के दैनिक कार्यों में किया जाता है।

वन विभाग ने बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि बारिश के दौरान सांप और अन्य वन्यजीव सुरक्षित एवं सूखी जगह की तलाश में घरों, स्टोर रूम, पानी की टंकियों और अन्य स्थानों में पहुंच सकते हैं। ऐसे में समय-समय पर पानी की टंकियों की जांच और सफाई करते रहें। यदि कहीं सांप या कोई अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

यह घटना परमा गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को बरसात के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने का संदेश भी दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!