
बीआरओ मजदूरों के घरों और झोपड़ियों को नुकसान
चमोली: नारायणबगड़ ब्लॉक के पंगती गांव में सुबह तड़के बादल फटने के बाद चारों तरफ बर्बादी का मंजर देखने को मिला। बताया जा रहा है कि यहां आज सुबह करीब 5.30 बजे बादल फटने के बाद पहाड़ी से आए मलबे और बारिश ने गांव में भारी तबाही मचाई है। इस घटना में बीआरओ मजदूरों के घरों और झोपड़ियों को नुकसान हुआ है।
इसके साथ ही कई वाहन मलबे की चपेट में आ गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी कोई जनहानि की सूचना नहीं है।
मजदूरों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों और महिलाओं को सैलाब से बचा लिया। ये सभी मजदूर नेपाल और झारखंड के रहने वाले हैं। मलबे से कर्णप्रयाग-ग्वालदम हाईवे बंद हो गया है, जिसे खोलने के प्रयास जारी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कई दोपहिया वाहन व कार भी मलबे में दबे हुए हैं। प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। बचाव व राहत के कार्य शुरू कर दिए गए हैं। मजदूरों और उनके बच्चों को गांव के लोगों ने अपने घरों में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।
बता दें कि प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से हिमालयी राज्य उत्तराखंड काफी संवेदनशील है। वहीं, बीते दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त है और कई संपर्क मार्गों पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। कुछ दिनों पहले ही श्रीनगर गढ़वाल में सिरोबगड़ के पास बादल फटने से बड़ी तबाही मची थी। इस दौरान बदरीनाथ हाईवे पर भारी लैंडस्लाइड भी हुआ था, जिसकी चपेट में तीन वाहन आ गए थे।