
देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में बीते कुछ दिनों से दल-बदल का खेल चल रहा है। कांग्रेस के दो और एक निर्दलीय विधायक के बीजेपी में शामिल होने के बाद अब बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य ने आज दिल्ली में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। यशपाल आर्य की कांग्रेस में घर वापसी के बाद अब नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि यशपाल आर्य मूल रूप से कांग्रेसी रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 2017 में किन्हीं कारणों से भाजपा में चले गए थे, लेकिन अब वे अपने घर वापस आ गए हैं। प्रीतम सिंह ने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव जीतने जा रही है। मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला विधायक और हाईकमान करेंगे? उन्होंने कहा कि यदि यशपाल आर्य मुख्यमंत्री बनते भी हैं तो इसमें क्या हर्ज है?
वहीं साथ ही नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रीतम सिंह ने कहा साढ़े चार साल के कार्यकाल में बीजेपी अपने वादों पर पूरी तरह से विफल साबित हुई है। प्रीतम सिंह ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को नाइट वॉचमैन बताया। साथ ही कहा कि वे सबसे कमजोर खिलाड़ी हैं। सरकार ने 100 दिन में लोकायुक्त लाने का दावा किया गया था, लेकिन सरकार उसको पूरा करने में विफल साबित हुई है।
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि महाकुंभ के दौरान कोरोना जांच रिपोर्ट में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा सामने आया। बीजेपी सरकार ने जनता पर दोहरी मार डालने का काम किया है। भू-कानून पर सरकार अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले पाई है। सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। सरकार की ऐसी कार्यप्रणाली से यह साफ है कि 2022 में भाजपा जाएगी और कांग्रेस की सरकार आएगी।