नैनीताल: CM धामी विकासकार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को निर्देश

नैनीताल: CM धामी विकासकार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को निर्देश
रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
नैनीताल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को नैनीताल पहुंचे जहां मण्डल स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में कुमाऊं क्षेत्र के सभी ज़िलों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से मानसखण्ड परियोजना के अंतर्गत नैनीताल में चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सौन्दर्यीकरण से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं तथा सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि मानसखण्ड परियोजना के अंतर्गत पौराणिक धार्मिक स्थलों और मंदिरों तक जाने वाले मार्गों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत को सहेजने तथा पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।