
अयोध्या/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्य सचिव डॉ एस एस संधु से फोन पर प्रदेश की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य संबंधित कार्मिकों को संवेदनशील स्थानों पर हाई अलर्ट रखा जाए। कहीं भी कोई घटना होती है तो रेस्पोंस टाईम कम से कम होना चाहिए।
जरूरत होने पर प्रभावितो को तत्काल राहत मिले। चार धाम यात्रा मार्ग पर भी विशेष ध्यान रखा जाए। चार धाम यात्रियों, पर्यटकों से भी सावधानी बरतने की अपील कर ली जाए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अयोध्या के दो दिवसीय भ्रमण पर हैं। वे आज दोपहर तक देहरादून लौट आएंगे।
रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी। उत्तराखंड में केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा पर फिलहाल अस्थाई रूप से रोक लगा दी गई है। मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के चलते ये फैसला लिया गया है। गंगोत्री और यमुनोत्री में जिन श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। उन्हें को अपने सुरक्षित गंतव्य को जाने को कह दिया गया है।
वहीं, बदरीनाथ की यात्रा जारी है। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने सोमवार तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए तीन धामों की यात्रा पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, बदरीनाथ धाम की यात्रा अभी जारी है। रविवार सुबह से ही राज्य के इलाकों में बारिश हो रही है।
एहतियातन केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मनुज गोयल ने बताया कि यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे नहीं जाने दिया जा रहा है। धाम में पहुंचे यात्रियों को दर्शन के बाद वापस भेजा जा रहा है। यात्रा के मुख्य पडावों पर पुलिस और एसडीआरएफ को मदद के लिए तैनात किया गया है।
इधर, उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने भी गंगोत्री व यमुनोत्री यात्रा को फ़िलहाल रोक दिया है। गंगोत्री और यमुनोत्री में जिन यात्रियों ने दर्शन कर लिए हैं, उन्हें सुरक्षित गंतव्य को जाने को कहा जा रहा है। यमुनोत्री जाने वाले यात्रियों को बडकोट में रोका गया है, जबकि गंगोत्री जाने वाले यात्रियों को उत्तरकाशी और भटवाड़ी के पास रोका जा रहा है। गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम में बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं ।