
रुद्रपुर: उत्तराखण्ड में आगामी विधानसभा चुनाव 2022 होने को अब कुछ ही माह शेष बचे हैं, ऐसे में राजनीतिक पार्टियों में सियासी उठा-पटक का दौर शुरू हो गया है। वहीं देशभर में चल रहे किसान आंदोलन ने सत्तासीन भाजपा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तराखण्ड की बात करें तो यहां भी किसान आंदोलन को लेकर सियासत का दौर जारी है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं उत्तराखण्ड में भी बंगाल की तरह भाजपा के साथ खेला तो नहीं होगा। विपक्षी खेला होबे का नारा देकर भाजपा को घेरने में जुटे हुए हैं।
आपको बता दें कि उत्तराखण्ड की सियासत में तराई को अहम माना जाता है। ऐसे में तराई में भी किसानों ने केन्द्र सरकार के किसान कानूनों के खिलाफ हुंकार भरी है। उधर बीते रोज भाजपा के कैबिनेट मंत्री व बाजपुर विधायक यशपाल आर्य और उनके पुत्र नैनीताल विधायक संजीव आर्य की कांग्रेस में वापसी ने भी भाजपा की मुश्किलों को और अधिक बढ़ा दिया है। भले ही भाजपाई इसको लेकर अब अलग-अलग बयानबाजी कर रहे हों ,लेकिन राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो आर्य खेमे में कांग्रेस में जाने से भाजपा की मुश्किलें की बढ़ना तय है।
बता दें कि नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिला किसान बाहुल्य क्षेत्रों में आते हैं। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि करीब 20 विधानसभा सीटों को किसान आंदोलन प्रभावित कर सकता है। कद्दावर नेता यशपाल आर्य और उनके विधायक पुत्र संजीव आर्य की कांग्रेस में वापसी के बाद जनपद ऊधम सिंह नगर में इन चर्चाओं ने भी जोर पकड़ लिया है। यहां से भाजपा के दो विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं और आने वाले समय में भाजपा को बाय-बाय कह सकते हैं।
बता दें कि पिछले साढ़े चार साल के बिगड़े समीकरणों को सुधारने में भाजपा के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिनरात एक किए हुए हैं, लेकिन अपने ही गृह जनपद में हो रहे बिखराव को वह नहीं रोक पा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो ऊधम सिंह नगर जिले से जो दो विधायक कांग्रेस के संपर्क में होने की बात चल रही है। वह जसपुर से कांग्रेस विधायक आदेश चौहान के संपर्क में बताए जा रहे हैं।
दरअसल इन दो विधायकों में से एक को आगामी विधानसभा चुनावों में अपना टिकट कटने का पूरा अंदेशा है और पार्टी को लेकर पिछले काफी लंबे समय से उनके सुर भी बदले-बदले नजर आ रहे हैं। हांलाकि इसको लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन कुल मिलाकर उत्तराखण्ड में भी बंगाल की तरह खेला होबे का नारा जोर-शोर से चल रहा है।