उत्तराखंड

अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर 1 घंटे के लिए लक्सर SDM बनेंगी अमृता

रुड़की से शाज़ान की रिपोर्ट : नेशनल कन्या इंटर कॉलेज, खानपुर की छात्रा अमृता अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस 11 अक्तूबर को एक घंटे के लिए लक्सर की एसडीएम बनकर प्रशासनिक कामकाज देखेंगी। सामाजिक संस्था प्लान इंडिया और मां भुवनेश्वरी महिला आश्रम ने सौ से अधिक छात्राओं के टेस्ट के बाद अमृता को इसके लिए चुना है।

रिलैक्सो फुटवियर की सहयोगी संस्था प्लान इंडिया व मां भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा खानपुर क्षेत्र में शिक्षा के उत्थान पर काफी काम किया जा रहा है। इसी 11 अक्तूबर को दोनों संस्थाएं अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बड़ा कार्यक्रम कर रही हैं। इस मौके पर एक बालिका को एक घंटे के लिए एसडीएम भी बनाया जाना है।

प्लान इंडिया के प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर रंजीत कैंत्यूरा ने बताया कि इसके लिए कक्षा 9 से 12 तक की करीब सौ छात्राओं का टेस्ट लिया गया था। पहले चरण में 11 बच्चियों को चुना गया था। दूसरे चरण में बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर बात कर इनकी मानसिक दक्षता की बारीकी से जांच करने के बाद नेशनल कन्या इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्रा अमृता का चयन इसके लिए किया गया है।

एसडीएम लक्सर वैभव गुप्ता ने भी अमृता को एक घंटे के लिए एसडीएम बनाए जाने की पुष्टि की है। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. घनश्याम गुप्ता ने बताया कि गोवर्धनपुर निवासी अमृता कॉलेज की होनहार छात्राओं में से एक है। उसके पिता की काफी पहले मृत्यु हो चुकी है। उसकी मां मेहनत मजदूरी करके बच्चों को पढ़ा रही हैं। अमृता खुद भी आगे चलकर भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने की इच्छा रखती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button