सागर एकेडमी पहुंचे समाजसेवी मोहित नाथ गोस्वामी, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला; नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा में आगे बढ़ने का दिया संदेश

लालकुआं से संवाददाता गौरव गुप्ता।
कार रोड स्थित सागर एकेडमी में प्रमुख समाजसेवी मोहित नाथ गोस्वामी का आगमन हुआ। एकेडमी पहुंचने पर आयोजकों, खेल प्रशिक्षकों और बच्चों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने एकेडमी के बच्चों और युवा खिलाड़ियों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम के दौरान मोहित नाथ गोस्वामी ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें खेल की बारीकियों व अनुशासन सिखाए। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच विकसित करने की मजबूत नींव रखता है। युवाओं को नशे व व्यसनों से दूर रहकर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।
सागर एकेडमी के पदाधिकारियों ने इस अवसर पर उनका आभार व्यक्त किया। एकेडमी के बच्चों ने भी खेल के टिप्स पाकर खासा उत्साह दिखाया। इस मौके पर खेल प्रशिक्षक, स्थानीय गणमान्य नागरिक और एकेडमी के समस्त खिलाड़ी उपस्थित रहे।



