राहुल गांधी पर टिप्पणी को लेकर गरमाई सियासत, कांग्रेस प्रदेश सचिव इन्दर पाल आर्य ने भाजपा पर साधा निशाना

रिपोर्टर गौरव गुप्ता
लालकुआं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान के बाद प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। राहुल गांधी को ‘मियां’ कहकर संबोधित किए जाने के मामले पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
इस विवादित टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एंव प्रदेश सचिव इन्दर पाल आर्य ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संवैधानिक और जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं द्वारा देश के नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ ऐसी अभद्र और सांप्रदायिक भाषा का इस्तेमाल करना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है। यह भाजपा की घटिया मानसिकता और उसकी हताशा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े असल मुद्दों, जैसे महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था से ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी लगातार देश के आम नागरिकों, युवाओं, किसानों और संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं, जिससे घबराकर भाजपा के नेता इस स्तर की बयानबाजी पर उतर आए हैं।
उन्होंने मांग की कि भाजपा नेतृत्व को इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी पर देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के अपमान को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक भाजपा की नीतियों का पुरजोर विरोध जारी रखेगी।



