उत्तराखंड

रॉन्ग साइड से आए कैंटर ने उजाड़ा घर: अंतरराष्ट्रीय कराटे कोच के 16 वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।

लालकुआं। हल्द्वानी की ओर से लालकुआं को जा रहे बाइक सवार दो दोस्तों को गोरापड़ाव क्षेत्र में हाईवे पर गलत दिशा में चल रहे कैंटर ने ऐसी मारी टक्कर कि लालकुआं के समाजसेवी और अंतरराष्ट्रीय कराटे कोच उदयवीर सिंह के 16 वर्षीय मेधावी पुत्र सिद्धार्थ को लील लिया। जबकि उसका दोस्त अयान हल्द्वानी के एक निजी चिकित्सालय में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि जब से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा फोर लेंन का निर्माण किया है, तभी से गोरापड़ाव में बेतरतीब ट्रैफिक ने कइयों की जिंदगी छीन ली है। तीनपानी से लेकर गोरापड़ाव के बीच अनियंत्रित यातायात और बेलगाम ट्रैफिक व्यवस्था की ओर आज तक पुलिस प्रशासन और परिवहन विभाग की नजर नहीं पड़ी है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में रॉन्ग साइड से आ रहे टैंकर और बाइक की टक्कर हुई, जिसके बाद बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, और उसमें जबरदस्त आग लग गई।
हादसे के बाद लालकुआं निवासी अयान खान पुत्र शमशेर उम्र 20 वर्ष और सिद्धार्थ पुत्र उदयवीर सिंह उम्र 16 वर्ष को डॉ सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सिद्धार्थ ने दम तोड़ दिया, जबकि अयान को निजी चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसकी कंडीशन क्रिटिकल बनी हुई है। उसको जीवन रक्षक प्रणाली में रखा गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरापड़ाव क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर लंबे समय से चिंता जताई जा रही है। क्षेत्रवासी पिछले 1 वर्ष से यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग लगातार कर रहे हैं। परंतु अब तक पुलिस प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है, जबकि गोरापड़ाव से लेकर तीन पानी तक सड़क हादसों में कई लोग असमय अपनी जान गवा चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button