Online लूडो खेलते-खेलते प्यार चढ़ा परवान! फिर कुछ हुआ ऐसा
Online लूडो खेलते-खेलते प्यार चढ़ा परवान! फिर कुछ हुआ ऐसा

पानीपत: भीमनगर निवासी लड़के की लूडो किंग पर आनलाइन गेम खेलते हुए ओडिशा के राउरकेला रेलवे स्टेशन के पास रहने वाली नवयुवती से बातचीत शुरू हो गई। दोनों की फेसबुक पर चैट होने लगी। दोस्ती प्यार में बदली तो अपने फोटो भी साझा कर दिए।
इतना ही नहीं दोनों ने शादी का निर्णय लिया, लड़की ट्रेन में बैठकर दो अक्टूबर को पानीपत पहुंच गई। लड़के के स्वजन सोमवार को दोनों का विवाह कराने वाले थे। लड़का नाबालिग था, नतीजा शादी रुकवा दी गई।
जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता ने बताया कि लड़का पक्ष मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का निवासी है और 20 साल से पानीपत में रह रहा है।
उन्होंने बताया कि लड़की का परिवार मूल रूप से बिहार के जिला बेगूसराय का निवासी है, कुछ वर्ष पहले ही ओडिशा में रहने लगा है। लड़की ने पहले इस शादी के लिए स्वजनों से बात की थी, उन्होंने एक-दो साल शादी करने से इन्कार कर दिया था।
उन्होंने बताया कि लड़की अपनी बड़ी बहन को बताकर, कुछ रकम लेकर घर से निकली और लगभग 1650 किलोमीटर की दूरी तय कर दो अक्टूबर को पानीपत रेलवे स्टेशन पहुंची। वहां से लड़का उसे अपने घर ले आया। लड़के के स्वजनों ने लड़की पक्ष से शादी के संबंध में बात की तो उन्होंने पानीपत पहुंचने में असमर्थता जताई।
सोमवार को लड़के स्वजन दोनों की शादी कर रहे थे, किसी ने लड़का नाबालिग होने की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दी। वहां से सूचना मुझे मिली, मौके पर पहुंचकर दोनों के आयु प्रमाण पत्र मांगे गए। दोनों के आधार कार्ड दिखाए गए। कार्ड में लड़की की आयु 20 साल आठ माह (शादी की आयु पूरी 21 वर्ष होनी चाहिए) और लड़की की आयु करीब 19 वर्ष निकली।
उन्होंने बताया कि आधार कार्ड की जन्मतिथि मान्य नहीं है, दोनों के शैक्षणिक दस्तावेज मांगे तो दिखा न सके। फिलहाल शपथ-पत्र लेकर शादी पर रोक लगा दी गई है। लड़का पक्ष को निर्देश दिए हैं कि दो-तीन दिन में आयु के दस्तावेज लेकर आफिस में पहुंचें। लड़की को लड़के के घर ही रखा गया है।