होली पर्व को लेकर लालकुआं में पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति और सौहार्द का दिया संदेश

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआं होली पर्व को शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। त्योहार के मद्देनजर नगर में सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाने के लिए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और आमजन को कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल और महिला पीएसी कर्मियों ने लालकुआं नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। यह मार्च मुख्य बाजार, बंगाली कॉलोनी, हाथी खाना तथा 25 एकड़ क्षेत्र से होकर गुजरा। पुलिस बल कतारबद्ध होकर पूरे क्षेत्र में भ्रमण करता रहा, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि होली का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही चेतावनी दी गई कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूरा फ्लैग मार्च नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए अंत में कोतवाली परिसर में संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान लगातार गश्त, चेकिंग अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।





