उत्तराखंड

सड़कों पर ‘पटाखा बुलेट’ बाइकों का आतंक “लालकुआं में दहशत” मूकदर्शक बनी पुलिस के खिलाफ जनाक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग

सड़कों पर ‘पटाखा बुलेट’ बाइकों का आतंक “लालकुआं में दहशत” मूकदर्शक बनी पुलिस के खिलाफ जनाक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग।

रिपोर्टर गौरव गुप्ता

लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र और इसके आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट मोटरसाइकिलों का खौफ चरम पर है, लेकिन स्थानीय पुलिस प्रशासन की लाचारी और ढिलाई के कारण स्थिति बेकाबू होती जा रही है। सड़कों पर दिन-रात फर्राटा भरती इन मोटरसाइकिलों के अवैध साइलेंसर से निकलने वाले पटाखों जैसे तेज धमाकों से राहगीरों से लेकर घरों में मौजूद नागरिक तक सहमे हुए हैं। क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर दर्जन भर से अधिक बुलेट सवार बेखौफ होकर हुड़दंग मचा रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।

इस बेवजह के अत्यधिक शोर-शराबे से रिहायशी इलाकों में मासूम बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती का फायदा उठाकर मनचले बाइक सवार जानबूझकर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हैं और व्यस्त सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी करते हैं। चलते वाहन के अचानक पटाखा छोड़ने से अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटक जाता है, जिससे हर पल किसी बड़े सड़क हादसे की आशंका बनी रहती है। पुलिस की इस लचर कार्यशैली से आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला अब केवल ध्वनि प्रदूषण तक सीमित नहीं है बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ बन चुका है।

वही पुलिस प्रशासन की लापरवाही से तंग आकर क्षेत्रवासियों ने कड़ा रुख अपनाते हुए हुड़दंगी बाइक चालकों के खिलाफ तुरंत सघन चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के अवैध साइलेंसर मौके पर ही उतरवाकर संबंधित चालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही लालकुआँ शहर और बिंदुखत्ता के संवेदनशील रिहायशी इलाकों की प्रमुख सड़कों पर नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।

ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि पुलिस ने समय रहते इन हुड़दंगियों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया, तो यह प्रशासनिक लापरवाही किसी दिन बड़े हादसे का कारण बनेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस की होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!