उत्तराखंड

लालकुआं में रफ्तार का कहर! तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, हालत नाजुक; सांसद अजय भट्ट ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश

रिपोर्टर गौरव गुप्ता

लालकुआं राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार दोपहर सुभाष नगर स्थित पुराने पुलिस चेकपोस्ट के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इधर, क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने अस्पताल के प्राचार्य से फोन पर बात कर दोनों घायलों को बेहतर उपचार और गहन चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे 25 एकड़ कॉलोनी निवासी अंकित कुमार और रोहित कुमार मोटरसाइकिल से सुभाष नगर की ओर से लालकुआं आ रहे थे। इसी दौरान पुराने पुलिस चेकपोस्ट के समीप लालकुआं की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की सलाह दी है। हालांकि, उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए परिजन उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने का जोखिम नहीं उठा पा रहे हैं।

घायल रोहित के पिता लल्लन ने बताया कि चिकित्सकों ने दोनों को अन्यत्र ले जाने की सलाह दी है, लेकिन उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इधर, हादसे की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के किनारे पड़ी दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया।

वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के प्राचार्य से दूरभाष पर वार्ता की और दोनों घायल युवकों को गहन चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर एनएच-109 पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बना हुआ है। दुर्घटना संभावित स्थानों पर गति नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से राजमार्ग पर नियमित निगरानी बढ़ाने, वाहनों की गति नियंत्रित करने और संवेदनशील स्थानों पर जरूरी सुरक्षा उपाय करने की मांग की है, ताकि लगातार हो रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!