उत्तराखंड

लालकुआं में हाथी का तांडव! लकड़ी बीनने गई महिला को पटककर तोड़ी कमर की हड्डी, हालत गंभीर

तराई पूर्वी वन प्रभाग की डौली रेंज में बड़ा हादसा,लकड़ी बीनने गई महिला पर हाथी का जानलेवा हमला, कमर की हड्डी टूटी, हल्द्वानी रेफर।

​लालकुआं -तराई पूर्वी वन प्रभाग के अंतर्गत डौली रेंज क्षेत्र के बौड़खत्ता में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। जंगल में जलौनी सूखी लकड़ी बीनने गई 27 वर्षीय महिला पर एक विशालकाय जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हल्द्वानी रेफर कर दिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके और आसपास के गुज्जर खातों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

यहाँ प्राप्त जानकारी के अनुसार बौड़खत्ता स्थित खमीरी गुज्जर खत्ता निवासी 27 बर्षीय जुलेखा पत्नी इमाम हुसैन आज शाम को दैनिक उपयोग के लिए जंगल में सूखी लकड़ियां एकत्र करने गई थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक विशालकाय दो-दांत वाले हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथी ने महिला को उठाकर जमीन पर पटक दिया और उनकी कमर पर पैर रख दिया।जुलेखा द्वारा जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने पर हाथी जंगली ओर भाग खड़ा हुआ।

इधर महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। जिसके बाद उन्होंने घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी जिसके बाद डौली रेंज के वन दरोगा पान सिंह मेहता, वन बीट अधिकारी रिहान अली और गोविंद मेहरा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों और वन कर्मियों की मदद से घायल महिला को तत्काल लालकुआं के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि महिला के कुल्ले कमर की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है, जिसका जल्द ऑपरेशन करना होगा। हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही डौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप पंत भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। पीड़िता के पति दुग्ध व्यवसाय से जुड़े हैं और उनकी तीन छोटी बेटियां हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में वन क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!