लालकुआं में बेखौफ बाइक चोर” पुलिस की गश्त पर उठे सवाल, दिनदहाड़े बैंक के पास से मोटरसाइकिल पार”पीड़ित ने एसएसपी से लगाईं गुहार

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म होता नजर आ रहा है। आए दिन हो रही वाहन चोरी की घटनाओं से बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार की दोपहर दिनदहाड़े चोरी की एक और बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला।यहाँ नगर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एचडीएफसी बैंक के समीप टायर की दुकान के बाहर खड़ी हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर उड़ा ले गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वही लगातार घट रही वारदातों से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
यहाँ प्राप्त जानकारी के अनुसार परमा हल्दूचौड़ निवासी सूरज पाल मौर्य पुत्र माखन लाल मौर्य शुक्रवार दोपहर करीब 12-30 बजे अपनी हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK04AJ0831 ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एचडीएफसी बैंक के पास खड़ी कर निजी काम से किच्छा गए थे। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर 4 संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जिनमें से एक बाइक लेकर फरार होता नजर आ रहा है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर जल्द से जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इधर स्थानीय लोगों एंव पीड़ित का आरोप है कि लालकुआं, हल्दूचौड़ और मोटाहल्दू क्षेत्र में बाइक चोरों का एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जिस पर लगाम लगाने में स्थानीय पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। आए दिन घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों से गाड़ियां गायब हो रही हैं, लेकिन कोतवाली पुलिस लकीर पीटती नजर आ रही है। दिनदहाड़े मुख्य बाजार और बैंक के पास से वाहन चोरी होना पुलिस की गश्त और मुस्तैदी के दावों की पोल खोल रहा है।
क्षेत्र में लगातार बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। पीड़ित व क्षेत्रवासियों ने नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि लालकुआं में वाहन चोर गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर तुरंत प्रभावी अंकुश लगाया जाए। वही पीड़ित ने आम जनता से भी अपील की है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन को सूचित करें, ताकि आरोपी पकड़ा जा सके। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच में जुटने का दावा कर रही है।




