तीन सवारी वाले परमिट में ज्यादा सवारी बैठाने पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती

नाजिम रिपोर्टर
बरेली, शहर के व्यस्ततम चौपला चौराहे पर यातायात पुलिस ने जनता को जाम से राहत दिलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल की। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी पूरी मुस्तैदी और संजीदगी के साथ निभाते हुए न सिर्फ जाम खुलवाया, बल्कि वाहन चालकों को नियमों के पालन की सख्त व सकारात्मक सीख भी दी।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने व्यावसायिक और सवारी वाहनों को रोककर निर्देशित किया कि जिन वाहनों को तीन सवारी बैठाने का ही परमिट प्राप्त है, वे केवल नियमानुसार तीन सवारियां ही बैठाएं। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर हादसों के खतरे और ट्रैफिक बिगड़ने की बात समझाते हुए पुलिस ने चालकों को सख्त हिदायत दी।
चौपला चौराहे पर तैनात यातायात कर्मियों के इस प्रयास से चौतरफा जाम से जूझ रही जनता को बड़ी राहत मिली और आवागमन सुचारू हुआ। पुलिसकर्मियों की इस जिम्मेदारी भरी कार्यशैली और सकारात्मक संदेश देने के अभियान की स्थानीय नागरिकों व राहगीरों ने खूब सराहना की।



