SIR को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, अभिनव थापर बोले- चुनाव आयोग दे जवाब

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी के ‘वोट चोरी’ अभियान की सच्चाई अब जनता के सामने, SIR पर उठे सवालों का जवाब दे चुनाव आयोग : अभिनव थापर
आज देहरादून में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सोशल मीडिया के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों में SIR को लेकर सामने आई जानकारियों ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुचिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता पर जनता का विश्वास लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे में SIR से जुड़े हर निर्णय और उस पर उठी आपत्तियों का तथ्यात्मक एवं पारदर्शी जवाब देश की जनता के सामने आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकसभा के माननीय नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने “वोट चोरी” के मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक लगातार उठाया है और देश की जनता को मताधिकार की रक्षा के प्रति जागरूक किया है। आज SIR को लेकर सामने आ रही मीडिया रिपोर्टों ने इस पूरे विषय को और गंभीर बना दिया है। उत्तराखंड में भी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि SIR की प्रक्रिया के नाम पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे। Form-7 के दुरुपयोग की शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो और मतदाता सूची में किए गए प्रत्येक बदलाव की पारदर्शी जानकारी राजनीतिक दलों एवं जनता को उपलब्ध कराई जाए।
अभिनव थापर ने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने वोट के अधिकार के प्रति पूरी तरह सजग है और कांग्रेस हर पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। चुनाव निष्पक्ष हों, मतदाता सूची पारदर्शी हो और हर पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित रहे—यही लोकतंत्र की वास्तविक मजबूती है।



