लालकुआं पुआल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तोड़ा स्ट्रीट लाइट पोल, नैनीताल-बरेली हाईवे पर लगा भीषण जाम

रिपोर्टर गौरव गुप्ता। लालकुआं
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एचडीएफसी बैंक के समीप देर शाम एक बड़ा हादसा टल गया, हालांकि हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया।
यहाँ जानकारी के अनुसार गुरूवार देर शाम पुआल (पॉली) से अत्यधिक भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्ट्रीट लाइट पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। आधे घंटे तक ठप रहा आवागमन हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। देखते ही देखते बरेली-नैनीताल मार्ग पर दोनों ओर ट्रकों, बसों और अन्य वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। व्यस्त समय होने के कारण यह जाम पुलिस प्रशासन के लिए कड़ी चुनौती बन गया।
इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ-साथ नगर पंचायत के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बीच सड़क पर गिरे पोल को काटकर हटाया और मार्ग को साफ कराया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी जिसके बाद पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने राहत की सांस ली।




