बैरियर पर वन टीम का इशारा… पिकअप छोड़कर भागा चालक, अंदर मिला अवैध माल
शांतिपुरी वन बैरियर पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध प्रकाष्ठ से भरी पिकअप सीज, चालक फरार
लालकुआं / हल्द्वानी: तराई पूर्वी वन प्रभाग की डौली रेंज टीम ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए किच्छा-लालकुआं नेशनल हाईवे पर अवैध चिरान प्रकाष्ठ (कटी हुई लकड़ी) से लदी एक पिकअप गाड़ी को जब्त किया है।
तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) दीपक कुमार, उप प्रभागीय वनाधिकारी गौला अनिल कुमार जोशी एवं वन क्षेत्राधिकारी (RO) डौली प्रदीप कुमार पंत के निर्देशन में वन अपराधों पर रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी क्रम में 1 अक्टूबर 2026 को दोपहर लगभग 1:20 बजे शांतिपुरी वन बैरियर के समीप टीम को किच्छा-लालकुआं हाईवे पर एक संदिग्ध पिकअप (पंजीकरण संख्या UP 24 T 1008) आती दिखाई दी।
वनकर्मियों ने जब वाहन को रुकने का इशारा किया, तो चालक पकड़े जाने के डर से वाहन को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गया। वन कर्मियों ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच की, तो उसमें विभिन्न प्रजातियों का अवैध चिरान प्रकाष्ठ लदा पाया गया। पूछताछ व पड़ताल में सामने आया कि यह प्रकाष्ठ बाहरी राज्य से लाया जा रहा था। वाहन में लकड़ी से संबंधित कोई भी वैध प्रपत्र (कागजात) मौजूद नहीं मिले।
इसके बाद टीम ने भारतीय वन अधिनियम 1927 (यथा संशोधित 2001) की धारा 26, 41, 42 और 52 के तहत वाहन को सीज कर दिया। सीज किए गए वाहन को डौली रेंज परिसर (लालकुआं) में सुरक्षित खड़ा करवा दिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में शामिल कर्मी:
पान सिंह मेहता (वन दरोगा)
जीवन आर्य (वन बीट अधिकारी)
हरेंद्र (वन बीट अधिकारी)
शाहिद बेग
श्रमिक कमल भाकुनी एवं मनोहर सिंह




