लालकुआं में गरमाई सियासत, विधायक तिलक राज बेहड़ से कथित दुर्व्यवहार पर कांग्रेस का प्रदर्शन

लालकुआं में गरमाई सियासत” किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ से ‘दुर्व्यवहार’ के विरोध में उतरी कांग्रेस, बीजेपी का पुतला फूंक जताया।
लालकुआं, किच्छा विधानसभा क्षेत्र से वरिष्ठ कांग्रेसी विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हुई कथित बदसलूकी और दुर्व्यवहार का मामला अब पूरे क्षेत्र में तूल पकड़ता जा रहा है।इसी को लेकर बुधवार शाम लालकुआं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकालते हुए भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पुतला दहन किया।
काग्रेंस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर ‘जनप्रतिनिधि का अपमान नहीं सहेगा उत्तराखंड’ और ‘बीजेपी सरकार होश में आओ’ के जोरदार नारे लगा रहे थे।
वही कोतवाली चौराहे पर हुए प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने भाजपा का पुतला आग के हवाले किया और अपना विरोध दर्ज कराया।
इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ क्षेत्र के वरिष्ठ और तराई के लोकप्रिय नेता हैं। एक जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह की बदसलूकी और अभद्र व्यवहार न केवल निंदनीय है, बल्कि यह सीधे तौर पर लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन है।उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में चूर होकर इस तरह का आचरण किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी और क्षेत्र की जनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में दोषी व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो यह आंदोलन केवल लालकुआं तक सीमित नहीं रहेगा। कांग्रेस पार्टी पूरे प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी और सड़कों पर उतरकर ईंट से ईंट बजा देगी।
इस दौरान स्थानीय कांग्रेस संगठन से जुड़े कई वरिष्ठ नेता, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद रहे।



