हल्दूचौड़ में जंगली जानवर का हमला, महिला गंभीर घायल; वन विभाग से मुआवजे और जगंली जानवरों से निजात की मांग

रिपोर्टर गौरव गुप्ता। लालकुआँ
लालकुआँ कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत हल्दूचौड़ के जयपुर बीसा ग्राम सभा अंतर्गत तेजपुर नेगी में बीते बुधवार को जंगली जानवर के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित शोबन सिंह जीना अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तेजपुर नेगी निवासी प्रकाश ड्राइवर की पत्नी सविता देवी सुबह अपने घर के समीप ट्यूबवेल के पास थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह खुद को जानवर के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन हमले में उनके शरीर और मुंह का मांस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं।घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें प्राथमिक सहायता देकर हल्द्वानी के शोबन सिंह जीना अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
इधर घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जंगली जानवरों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है और खेतों तथा घरों के आसपास भी खतरा बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। उन्होंने राज्य सरकार और वन विभाग से सविता देवी के उपचार का पूरा खर्च वहन करने, शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए और क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



