आबकारी विभाग की सुस्ती, पुलिस की चुस्ती — लालकुआं में कच्ची शराब के खिलाफ ताबड़तोड़ चेकिंग

रिपोर्टर गौरव गुप्ता।
लालकुआं क्षेत्र में फैलते अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए कोतवाली पुलिस एक बार फिर सख्त नजर आई यहाँ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर शराब तस्करों में हड़कंप मचा दिया। पुलिस की इस सक्रियता के बीच जहां आबकारी विभाग की सुस्ती पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं पुलिस लगातार कार्रवाई कर अवैध कारोबारियों पर दबाव बनाए हुए है।
कोतवाल ब्रजमोहन राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लालकुआं शहर से अभियान की शुरुआत करते हुए मोटाहल्दू, हल्दूचौड़ और देवरामपुर क्षेत्र तक ताबड़तोड़ चेकिंग की। इस दौरान खनन निकासी गेटों पर विशेष निगरानी रखते हुए दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन तलाशी ली गई। हालांकि चेकिंग के दौरान कोई भी व्यक्ति अवैध कच्ची शराब की तस्करी करते हुए नहीं मिला।
पुलिस ने गोला गेट क्षेत्र में बनी झोपड़ियों में भी बारीकी से छापेमारी की, लेकिन वहां भी कोई व्यक्ति शराब बेचता नहीं पाया गया। इसके अलावा घोड़ानाला, वीआईपी गेट, मुख्य बाजार और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र के होटल-ढाबों में भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और अवैध रूप से शराब पिलाने और पीने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई।
गौरतलब है कि विगत दिनों लालकुआं पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की थी और कई तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हालांकि इस बार चले विशेष चेकिंग अभियान में पुलिस के हाथ कोई बड़ी सफलता नहीं लगी, लेकिन क्षेत्र में गहराई तक पैर पसार चुके इस अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती का असर साफ दिखाई दे रहा है।
कोतवाल ब्रजमोहन राणा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और होटल-ढाबों में अवैध तरीके से शराब पिलाने या पीने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जड़ जमा चुके अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आबकारी विभाग को भी लगातार कार्रवाई करनी होगी। तभी क्षेत्र में लंबे समय से फलफूल रहे इस अवैध धंधे पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी।
अभियान के दौरान पुलिस टीम में कोतवाल ब्रजमोहन राणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, कांस्टेबल शेखर मल्होत्रा, कमल बिष्ट, रीना गंगवार,तरूण मेहता, लता जोशी, मनीष कुमार और राज आर्य सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।










